Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

बिहुल नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात, खेतों में घुसा पानी; मूंग व पटुआ की फसल को भारी नुकसान


सुपौल। निर्मली अनुमंडल क्षेत्र में बहने वाली बिहुल नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने लगे हैं। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण नदी उफान पर है, जिससे आसपास के निचले क्षेत्रों में पानी फैलने लगा है।

बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का पानी खेतों में प्रवेश कर गया है। खासकर मरौना प्रखंड के कई गांवों के कृषि क्षेत्र जलमग्न हो गए हैं, जिससे किसानों की मूंग और पटुआ की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर तैयार फसल पानी में डूबने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय किसानों ने बताया कि रविवार सुबह से ही नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा। देखते ही देखते खेतों में पानी भर गया, जिससे उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया। किसानों का कहना है कि यदि जलस्तर में जल्द कमी नहीं आई तो नुकसान और बढ़ सकता है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बिहुल नदी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने, संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने तथा प्रभावित किसानों का सर्वे कराकर उन्हें उचित मुआवजा और आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

इधर, बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे बसे लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोग प्रशासन से समय रहते आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की मांग कर रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं