सुपौल। किशनपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के नए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में डॉ. अखिलेश कुमार ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के साथ ही उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
पदभार ग्रहण के बाद डॉ. अखिलेश कुमार ने अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने तथा अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार, समय पर उपचार और सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना सभी स्वास्थ्यकर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या मरीजों के प्रति उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में विभागीय नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नवपदस्थापित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने कहा कि उनका लक्ष्य किशनपुर पीएचसी की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही अस्पताल की व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
पदभार ग्रहण के अवसर पर पीएचसी के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य कर्मचारियों ने डॉ. अखिलेश कुमार का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कोई टिप्पणी नहीं