सुपौल। आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को सफल बनाने एवं व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ सामाजिक एवं गणमान्य व्यक्तियों, एनसीसी तथा स्काउट-गाइड के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा तय की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में तिरंगा रैली, तिरंगा साइकिल एवं ई-बाइक रैली, 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन, तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा थीम आधारित सजावट एवं प्रकाश व्यवस्था, तिरंगा रंगोली तथा 'सेल्फी विद तिरंगा' जैसे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 अगस्त 2026 को सुबह 9:00 बजे भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा लोहिया चौक से प्रारंभ होकर गांधी मैदान, सुपौल तक जाएगी। जिला प्रशासन ने इस यात्रा में विद्यार्थियों, युवाओं, सरकारी कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी सावन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए मार्ग निर्धारण, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता, प्रतिभागियों के समन्वय तथा कार्यक्रम की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं समुचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की कि वे 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' को जनभागीदारी का उत्सव बनाते हुए अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा एवं अभियान से जुड़ी अन्य गतिविधियों में भाग लें और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को और मजबूत करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर समाहर्ता-सह-आपदा प्रबंधन, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, वरीय उप समाहर्ता सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जिले के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं