सुपौल। जिला पदाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उन्मुखीकरण-सह-प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला में जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा स्वच्छता से जुड़े कर्मियों को नियमावली के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए सभी पदाधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधि अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें और इसे जनआंदोलन का स्वरूप दें। उन्होंने कहा कि पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत निर्मित परिसंपत्तियों को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए तथा प्रतिदिन नियमित रूप से कचरे का संग्रहण और उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायतों में 4-Way Segregation (चार प्रकार से कचरे का पृथक्करण) को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा Bulk Waste Generator की पहचान कर उन्हें नियमावली के प्रति जागरूक किया जाए।
उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने अपने संबोधन में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए पंचायत से लेकर जिला स्तर तक सभी की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों को नीले, हरे, लाल और काले रंग के डस्टबिन के उपयोग एवं कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यशाला में राज्य स्तर के प्रशिक्षक एवं राज्य प्रबंधक खालिद आजम ने ODF, ODF-S एवं SWM Rule-2026 पर पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से विस्तृत प्रशिक्षण दिया। वहीं जिला पंचायती राज पदाधिकारी गयानंद यादव ने 16वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वच्छता से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। जिला समन्वयक सोनम कुमारी एवं जिला सलाहकार (आईईसी) ने भी प्रतिभागियों का क्षमतावर्धन किया।
इस अवसर पर जिला जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, वन प्रमंडल पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक (जीविका), प्रखंड समन्वयक, मुखिया, पंचायत सचिव एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं