सुपौल। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए 10 अगस्त 2026 का दिन राहत भरा रहा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के 1,01,32,888 लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए जुलाई 2026 की पेंशन राशि का अंतरण किया। प्रत्येक लाभार्थी को 1,100 रुपये की पेंशन राशि दी गई। इस दौरान राज्यभर में कुल 11,57,71,84,700 रुपये का अंतरण किया गया।
सुपौल जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 2,54,143 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 28,80,93,200 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। योजनावार देखें तो मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,66,941 लाभार्थियों को 18,99,77,900 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 47,294 लाभार्थियों को 5,27,03,500 रुपये, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 11,303 लाभार्थियों को 1,26,87,800 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।
इसी प्रकार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 13,243 लाभार्थियों को 1,56,95,200 रुपये, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 14,593 लाभार्थियों को 1,61,77,400 रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 769 लाभार्थियों को 8,51,400 रुपये की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।
मुख्यमंत्री द्वारा पेंशन राशि अंतरण कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के लिए सुपौल जिला मुख्यालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 100 से अधिक लाभार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार, उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। पेंशन की राशि समय पर बैंक खातों में अंतरित किए जाने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

कोई टिप्पणी नहीं