सुपौल। कोसी के कछार पर बसे सुपौल जिले के सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड की बेटी क्रिकेटर राजलक्ष्मी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बिहार स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, राजगीर में आयोजित पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग (क्रिकेट) के प्रथम बैच के प्रथम सत्र 2025-26 में राजलक्ष्मी ने पूरे विश्वविद्यालय में द्वितीय स्थान (टॉप-2) हासिल किया है। उनकी इस सफलता से सुपौल जिला क्रिकेट एसोसिएशन सहित पूरे कोसी क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
राजलक्ष्मी सरायगढ़ पंचायत निवासी पत्रकार बलराम प्रसाद सिंह एवं दर्जनों राजकीय व राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित तथा टॉप-100 वुमन अचीवर्स ऑफ इंडिया अवार्ड प्राप्त शिक्षिका व समाजसेविका बबीता कुमारी की पुत्री हैं। क्रिकेट के क्षेत्र में लगातार मेहनत करते हुए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
राजलक्ष्मी बीसीसीआई द्वारा आयोजित बिहार महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में अंडर-19, अंडर-23 और सीनियर वर्ग में बिहार महिला टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। उन्होंने आंध्र प्रदेश के हैदराबाद, त्रिवेंद्रम (केरल) तथा मुंबई स्थित सचिन तेंदुलकर स्टेडियम में आयोजित इंटर स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट में भी बिहार का प्रतिनिधित्व किया है।
वह सुपौल जिला क्रिकेट एसोसिएशन की पंजीकृत महिला खिलाड़ी हैं। क्रिकेट इंटर्नशिप के दौरान उन्होंने सुपौल जिला क्रिकेट एसोसिएशन के बच्चों को प्रशिक्षण देकर जिले की नई प्रतिभाओं को निखारने में भी योगदान दिया। बीसीसीआई के 2025-26 सत्र के सीनियर महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में उन्होंने हाजीपुर के बिदुपुर क्रिकेट ग्राउंड में 8 से 11 जून तक टी-20 तथा 13 से 20 जून तक वनडे प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
क्रिकेट के साथ-साथ पढ़ाई के क्षेत्र में भी राजलक्ष्मी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने जूलॉजी विषय से एमएससी की डिग्री हासिल की है। इससे पहले पटना साइंस कॉलेज से जूलॉजी ऑनर्स के साथ एनसीसी की पढ़ाई की। कॉलेज की एथलेटिक्स मीट प्रतियोगिता में उनकी टीम ओवरऑल चैंपियन रही थी।
राजलक्ष्मी की सफलता पर सुपौल जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राघवेंद्र झा, उपाध्यक्ष शंकर गुरमैता, सचिव नवीन कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार झा सहित क्रिकेट प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राजलक्ष्मी आने वाले समय में क्रिकेट प्रशिक्षण एवं खेल के क्षेत्र में सुपौल और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं