सुपौल। प्रतापगंज थाना क्षेत्र के सुरजापुर पंचायत के वार्ड संख्या-8 में गुरुवार दोपहर युवती के अपहरण की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया। युवती के शोर मचाने पर उसके पिता ने साहस का परिचय देते हुए अपराधियों का मुकाबला किया और बेटी को उनके चंगुल से छुड़ा लिया। इस दौरान आरोपियों ने पिता के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। अपहरण में विफल होने के बाद बदमाश दुकान से करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर बाइक से फरार हो गए।
पीड़ित सोनू चौधरी ने प्रतापगंज थाना में दिए आवेदन में बताया कि गुरुवार दोपहर वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान सुरजापुर पंचायत निवासी नीरज कुमार कामैत, अखलेश कुमार कामैत तथा दो अज्ञात युवक बाइक से पहुंचे। आरोप है कि चारों ने हथियार का भय दिखाकर उनकी बेटी को जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने का प्रयास किया।
युवती के शोर मचाने पर सोनू चौधरी मौके पर पहुंचे और अपराधियों का विरोध करते हुए बेटी को बचाने लगे। इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पिता के साहस और विरोध के कारण बदमाश युवती का अपहरण करने में सफल नहीं हो सके। भागने के दौरान आरोपियों ने दुकान में रखे करीब पांच हजार रुपये नकद भी लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद घायल सोनू चौधरी को इलाज के लिए प्रतापगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रतापगंज थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी नीरज कुमार कामैत को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित के आवेदन के आधार पर दो नामजद एवं दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रतापगंज थाना कांड संख्या-202/26 दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं