सुपौल। जिला प्रशासन ने जिले के सभी युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों से "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान" से जुड़ने की अपील की है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से ऑनलाइन शपथ लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे प्रधानमंत्री द्वारा "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान" का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर सुपौल जिले के बी.एस.एस. कॉलेज, सुपौल, के.एन.डी. कॉलेज, राघोपुर, एच.पी.एस. कॉलेज, निर्मली, एल.एन.एम.एस. कॉलेज, वीरपुर, एस.एन.एस.एम. कॉलेज, सुपौल, डिग्री कॉलेज, सुपौल तथा ए.एल.वाई. कॉलेज, त्रिवेणीगंज में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने सभी युवाओं एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अपने निकटवर्ती निर्धारित कॉलेज में पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लें, ऑनलाइन शपथ लें तथा अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी इस अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करें।
ऑनलाइन शपथ लेने के लिए प्रशासन ने My Bharat पोर्टल पर उपलब्ध पंजीकरण लिंक के माध्यम से भागीदारी करने का आग्रह किया है।
प्रशासन का कहना है कि नशा मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी नागरिक नशे से दूर रहने, दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा "नशा मुक्त भारत – विकसित भारत" के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान दें।

कोई टिप्पणी नहीं