सुपौल। गाँव एवं पंचायतों में संचालित विकासात्मक योजनाओं की धरातलीय स्थिति की जानकारी लेने के उद्देश्य से गुरुवार 13 अगस्त 2026 को उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने राघोपुर प्रखंड के राम विशनपुर गाँव का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों से बातचीत कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधूरे आवासों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार से राशि प्राप्त करने के बावजूद निर्धारित समय पर आवास का निर्माण नहीं करने वाले लाभुकों के विरुद्ध राशि वसूली के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को ऐसे लाभुकों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित स्वच्छता अभियान की भी जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने स्वच्छता कार्यक्रम में और अधिक निगरानी की आवश्यकता बताई। इस पर उन्होंने स्वच्छता कार्य में लगे कर्मियों एवं स्वच्छता पर्यवेक्षक को प्रतिदिन कचरे का उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही एकत्रित कचरे को प्रसंस्करण इकाई तक पहुंचाने और कचरे का उचित पृथक्करण करने को कहा।
इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों से रोजगार, शिक्षा, नल-जल, बिजली, सड़क सहित अन्य विकास योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यकतानुसार कमियों में सुधार करते हुए योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान राघोपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित पंचायत के कर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं