सुपौल। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को किशनपुर बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता संघ की प्रखंड अध्यक्ष कुमारी रंजू ने की। प्रदर्शन के बाद सेविका-सहायिकाओं के शिष्टमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, किशनपुर को सौंपा।
संघ की ओर से सौंपे गए मांग पत्र में सेविका एवं सहायिकाओं के बकाया मानदेय का अद्यतन भुगतान सुनिश्चित करने तथा मानदेय के खंडित भुगतान की प्रक्रिया समाप्त कर नियमित एवं समयबद्ध भुगतान की मांग की गई। इसके अलावा 5जी मोबाइल रिचार्ज की सुविधा की राशि अविलंब उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।
मांग पत्र में सेविका से महिला पर्यवेक्षक तथा सहायिका से सेविका के पद पर बहाली एवं पदोन्नति की प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ लंबित बहाली प्रक्रिया को पूरा करने की मांग की गई। वहीं पोशाक राशि, अन्नप्राशन, गोद भराई, प्रोत्साहन राशि, मकान किराया, मोबाइल रिचार्ज समेत अन्य लंबित राशियों का भुगतान अविलंब करने की मांग उठाई गई।
सेविका-सहायिकाओं ने वर्तमान महंगाई एवं बढ़ती जीवन-यापन लागत को देखते हुए मानदेय में समुचित वृद्धि करने तथा न्यायालय के आदेश के आलोक में ग्रेच्युटी एवं सेवांत लाभ का लाभ अविलंब प्रदान करने की भी मांग की।
धरना-प्रदर्शन में प्रखंड सचिव निशि कुमारी, प्रखंड अध्यक्ष कुमारी संजू सहित हुस्न बानो, रीना कुमारी, रूबी कुमारी, निशा कुमारी, खुशबू कुमारी, मीना कुमारी, आभा देवी, सुनीता जायसवाल, ललिता देवी, बबीता कुमारी, भारती कुमारी, मुन्नी कुमारी, रंजन राज, रेखा देवी, प्रेमिका देवी, चंद्रकला देवी, रूपा देवी, सरस्वती देवी, सुलेखा देवी, किरण देवी समेत बड़ी संख्या में सेविका एवं सहायिका शामिल रहीं।

कोई टिप्पणी नहीं