सुपौल। विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान एवं उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अंबेडकर कल्याण छात्रावास, निर्मली में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी धीरज कुमार सिन्हा, एसडीपीओ अनुपेश नारायण, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी विकास कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
शिविर के दौरान पदाधिकारियों ने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याएं एवं सुझाव पदाधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पदाधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया गया। इधर, एचपीएस कॉलेज, निर्मली में भी विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पंचायत निर्मली की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली, सब इंस्पेक्टर निहाल कुमार, कॉलेज प्रशासन के प्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई।
विद्यार्थी सहयोग शिविर को विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं