सुपौल। 29 अगस्त 2026 को उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार की अध्यक्षता में आईसीडीएस विभाग की समीक्षात्मक बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, सुपौल सहित जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य रूप से आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण से संबंधित परियोजनावार कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की स्थिति की जानकारी ली गई। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है अथवा निर्माणाधीन है, वहां शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें आगामी समीक्षात्मक बैठक से पूर्व संबंधित विभाग को हस्तगत कराना सुनिश्चित करें। अधिकारियों को कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा गया। बैठक के दौरान आईसीडीएस से जुड़े अन्य कार्यों की भी प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


कोई टिप्पणी नहीं