सुपौल। किशनपुर थाना क्षेत्र के महिपट्टी मोड़ के समीप शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर एनएच किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को इलाज के लिए किशनपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दरभंगा डीएमसीएच रेफर कर दिया।
घायल की पहचान कटहारा कदमपुरा पंचायत के वार्ड नंबर 10 निवासी जितन पासी (50) के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार दोपहर वह घर आए एक मेहमान की बाइक लेकर किशनपुर बाजार से सरायगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान महिपट्टी मोड़ के समीप अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक सड़क की विपरीत दिशा में चली गई और एनएच किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि जितन पासी बाइक से सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को किशनपुर सीएचसी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद कुछ देर तक एनएच पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर थाना लाया है। थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि घायल का इलाज दरभंगा डीएमसीएच में चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं