सुपौल। देशव्यापी "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान" का शुभारंभ शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। इस अवसर पर सुपौल के नगर भवन (टाउन हॉल) में वेबकास्टिंग के माध्यम से कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार के उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाते हुए "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान" के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, पिपरा विधायक राम विलास कामत, छातापुर विधायक नीरज कुमार बबलू, सुपौल नगर परिषद के मुख्य पार्षद राघवेंद्र झा, जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस., उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए युवाओं का स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के प्रति जागरूक करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं