सुपौल। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को सुपौल जिले के विभिन्न प्रखंडों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में निबंध लेखन, भाषण प्रतियोगिता, तिरंगा प्रदर्शन, तिरंगा रैली और भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इनमें आमजनों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, एसएसबी जवानों एवं स्वच्छता कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मरौना प्रखंड स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र में बच्चों के बीच निबंध लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति अपने विचारों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
वहीं, एलएनएमएस कॉलेज, वीरपुर में एनएसएस के माध्यम से तिरंगा प्रदर्शन किया गया। पिपरा प्रखंड की तुलापट्टी पंचायत तथा सरायगढ़ प्रखंड की झीला डूंगरी पंचायत में तिरंगा रैली निकालकर लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का संदेश दिया गया।
बसंतपुर प्रखंड के परमानंदपुर पंचायत स्थित मदरसा की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसी तरह वाइब्रेंट विलेज बॉर्डर एरिया के ग्राम कुनौली, निर्मली प्रखंड में एसएसबी जवानों, मुखिया प्रतिनिधि एवं विद्यार्थियों ने भव्य तिरंगा यात्रा निकाली।
पंचायत कटरा के कदमपुरा में आयोजित तिरंगा यात्रा में मुखिया, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणों एवं स्वच्छता कर्मियों ने भाग लिया। बसंतपुर प्रखंड के भगवानपुर पंचायत में भी एसएसबी जवानों, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यार्थियों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
विभिन्न स्थानों पर निकलीं तिरंगा यात्राओं के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।
जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित इन कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। अभियान में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी ने सुपौल में देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।

कोई टिप्पणी नहीं