सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के सरायगढ़ पंचायत अंतर्गत चिकनी गांव के वार्ड नंबर 08 स्थित किसान स्टेडियम में श्रीश्री 108 रुद्र महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ की शुरुआत 9 फरवरी को 1051 कन्याओं द्वारा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा से हुई।
कलश यात्रा में शामिल महिलाएं यज्ञ स्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर कोसी नदी तक पहुंचीं और वहां से पवित्र जल भरकर लौटीं। इसके बाद यज्ञ स्थल पर आचार्य रामबालक दास जी महाराज और महंत विष्णु दास शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना की गई। यज्ञ आचार्य ने बताया कि 12 फरवरी से महायज्ञ प्रारंभ होगा और 20 फरवरी को इसका विधिवत समापन होगा। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, सत्संग, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
यज्ञ स्थल पर विभिन्न देवी-देवताओं की 115 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में साधु-संतों के शामिल होने की संभावना है। महायज्ञ को सफल बनाने में चिकनी गांव के ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आयोजन समिति और स्थानीय लोग मिलकर इस पावन आयोजन को भव्य और सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं