सुपौल। त्रिवेणीगंज अनुमंडल अंतर्गत जदिया पंचायत के फुलकाहा वार्ड संख्या-17 में गुरुवार सुबह एक 17 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा का शव घर में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान फुलकाहा वार्ड संख्या-17 निवासी बिरेंद्र नारायण यादव की 17 वर्षीय पुत्री अंबिका कुमारी के रूप में हुई है। वह इंटरमीडिएट की छात्रा थी।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय छात्रा के पिता खेत में कृषि कार्य में व्यस्त थे, जबकि उसकी मां भी खेत गई हुई थीं। घर में दोनों बहनें मौजूद थीं। कुछ समय बाद परिजनों को छात्रा के घर के अंदर अचेत अवस्था में होने की जानकारी मिली। आनन-फानन में आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही जदिया थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष उदय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
अंबिका तीन बहनों और एक भाई में सबसे छोटी थी। उसकी असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही जदिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय अग्रवाल, सरपंच प्रतिनिधि देवेंद्र यादव, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि यूनुस रहमानी, पंचायत समिति सदस्य मो. जमील तथा शिक्षक अनिल यादव पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। सभी ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं