सुपौल। बसंतपुर प्रखंड कृषि कार्यालय बसंतपुर की ओर से प्रखंड क्षेत्र के बसंतपुर पंचायत में जनकल्याण चौपाल सह खेत बचाओ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमित कुमार ने की। इस दौरान किसानों को रासायनिक उर्वरकों के कम उपयोग तथा जैविक खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमित कुमार ने किसानों से अपील की कि वे अपने खेतों में रासायनिक उर्वरकों का न्यूनतम प्रयोग करें और इसके स्थान पर वर्मी कम्पोस्ट, जैविक खाद, जीवामृत, बीजामृत, वर्मी वॉश, गौमूत्र से बने जैविक कीटनाशक, ग्रीन मैन्यूरिंग एवं ब्राउन मैन्यूरिंग जैसी प्राकृतिक तकनीकों का अधिकाधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी की उर्वराशक्ति बनी रहेगी, उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ेगी तथा पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
प्रखंड कृषि समन्वयक धर्मेंद्र कुमार ने किसानों को प्राकृतिक खेती और मिट्टी की सेहत बनाए रखने के विभिन्न उपायों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से खरीफ मौसम के लिए अनुदानित धान बीज प्राप्त करने हेतु समय पर ऑनलाइन आवेदन करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में एटीएम सुरेंद्र सिंह, सोनू कुमार, किसान सलाहकार भोला राम तथा किसान रामचंद्र मेहता, दशरथ मेहता, दयानंद पासवान सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं