सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी, वीरपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 लीटर नेपाली शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
एसएसबी की 45वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि सीमा चौकी कटैया क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 13 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे नेपाल की ओर से एक बाइक सवार भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहा था। सीमा पर तैनात जवानों को देखकर उसने तेज गति से भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान बाइक से ब्रिक्स ब्रांड की 300-300 मिलीलीटर की 240 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। कुल 72 लीटर शराब जब्त की गई। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (BR-50T-7685) को भी कब्जे में लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेघनाथ कुमार ठाकुर, निवासी भीमनगर, जिला सुपौल के रूप में हुई है।
एसएसबी ने बताया कि इस कार्रवाई में उप निरीक्षक रवि चौधरी सहित तीन अन्य जवान शामिल थे। गिरफ्तार आरोपी, बरामद शराब एवं जब्त मोटरसाइकिल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मद्यनिषेध थाना सिमराही को सौंप दिया गया है।
एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा पार से होने वाली तस्करी में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कोई टिप्पणी नहीं