सुपौल। जदयू अनुसूचित जाति-जनजाति प्रकोष्ठ का अंबेडकर रथ शनिवार को किशनपुर प्रखंड के मलाढ पंचायत स्थित महादलित बस्ती पहुंचा, जहां पिपरा विधानसभा स्तरीय सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू एससी-एसटी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष निर्धन पासवान ने की, जबकि मंच संचालन जदयू प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
सभा को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि बीते 20 वर्षों में महादलित समाज की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। पहले इनके पास घर नहीं थे, लेकिन आज सरकार हर परिवार को घर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस समाज के उत्थान के लिए लगातार कार्य हो रहे हैं।
जदयू एससी-एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश त्यागी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रथ के माध्यम से समाज के बीच संवाद स्थापित करने की पहल की है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज में आरक्षण लागू कर दलित समाज को सशक्त बनाया गया, जिससे इस समुदाय के लोग मुखिया, सरपंच, जिला परिषद अध्यक्ष और विधायक तक बन रहे हैं।
पिपरा विधायक रामविलास कामत ने कहा कि पहले दलित समाज के लोगों के साथ भेदभाव किया जाता था, लेकिन नीतीश कुमार के शासनकाल में छुआछूत जैसी कुप्रथाओं को समाप्त किया गया। उन्होंने कहा कि आरक्षण के माध्यम से इस समाज के लोगों को पंचायत और अन्य प्रशासनिक क्षेत्रों में भागीदारी दी गई, जिससे वे आगे बढ़ रहे हैं।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी और कर्पूरी ठाकुर के बताए मार्ग पर चलकर समाज को सशक्त बना रहे हैं। उन्होंने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विकास मित्र, ममता दीदी, जीविका, आशा जैसी योजनाएं चलाईं, जिससे समाज के बच्चे शिक्षित हो रहे हैं।
जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के चलते बिहार देश में अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।
कार्यक्रम में प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव परमानंद ऋषिदेव, मिथिलेश ऋषिदेव, अमर चौधरी, प्रमोद कुमार मंडल, ललिता जायसवाल, चांदनी पासवान, प्रियंका कुमारी, खुर्शीद आलम, उपेंद्र मंडल, उद्यानंद विश्वास, पप्पू कुमार जायसवाल, रमेश ठाकुर, गोपी मुखिया, राम किशोर राय, मंगल सदा, उगन मंडल, प्रवीण राम, उर्मिला देवी, जयकृष्ण कुमार, रामचंद्र पासवान, देबू पासवान, गीता देवी, ओम प्रकाश यादव, ललितेश्वर यादव, बिमल झा, कमलकांत झा, संजय मंडल, ब्रह्म नारायण यादव, संजय कुमार, अजय कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं