सुपौल। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार छातापुर प्रखंड क्षेत्र में जीविका महिला ग्राम संगठनों के माध्यम से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को लक्ष्मीपुर खुंटी पंचायत स्थित बादल जीविका महिला ग्राम संगठन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर की।
मौके पर जीविका बीपीएम रमाकांत मंडल सहित जीविका से जुड़े अन्य कर्मी उपस्थित थे। संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदी एवं अन्य महिलाएं शामिल हुईं और उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
इस अवसर पर बीडीओ डॉ. गुप्ता ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य न सिर्फ महिलाओं को योजनाओं की जानकारी देना है, बल्कि उनकी उपलब्धियों और अपेक्षाओं को भी जानना है, ताकि नीति निर्धारण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।
जीविका बीपीएम रमाकांत मंडल ने बताया कि महिला संवाद कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री द्वारा पटना से की गई थी। यह कार्यक्रम राज्य भर में महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं और उनके प्रभाव पर केंद्रित है। कार्यक्रम के लिए प्रखंड को दो एलईडी स्क्रीन युक्त महिला संवाद वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जो प्रतिदिन दो ग्राम संगठनों में दो शिफ्ट में संवाद करेंगे—सुबह 9 से 11 बजे तक और शाम 4 से 6 बजे तक।
कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से महिलाओं को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही जिन महिलाओं को सरकारी योजनाओं से लाभ मिला है, वे अपने अनुभव अन्य महिलाओं से साझा कर रही हैं, जिससे अन्य महिलाएं भी प्रेरित हो सकें।
कोई टिप्पणी नहीं