सुपौल। राघोपुर थाना क्षेत्र के हरिपुर पंचायत स्थित हनुमाननगर वार्ड संख्या-7 में पड़ोसियों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के परिजनों ने राघोपुर थाना में आवेदन देकर 14 लोगों के विरुद्ध हत्या, मारपीट, लूटपाट एवं महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
परिजनों द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार घटना की शुरुआत 4 जून की शाम बच्चों द्वारा घर के आंगन में गंदगी एवं ईंट-पत्थर फेंके जाने को लेकर हुई कहासुनी से हुई थी। विवाद की सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और पड़ोसी पक्ष से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई।
आरोप है कि दूसरे पक्ष के कई लोग एकजुट होकर गाली-गलौज करने लगे और फिर हमला कर दिया। हमले के दौरान मो. दिलशाद आलम को लोहे की खंती से गंभीर चोट पहुंचाई गई। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई मो. अंसारूल शाह पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी।
घटना में परिवार के बुजुर्ग सदस्य अब्दुल जलील साह भी घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि उन्हें लोहे की रॉड से पीटा गया, जिससे उनके हाथ की हड्डी टूट गई। इसके अलावा महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार एवं छेड़खानी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान महिलाओं के गले से करीब 80 हजार रुपये मूल्य का सोने का लॉकेट छीन लिया गया तथा घर से लगभग 30 हजार रुपये नकद भी ले लिए गए। आवेदन में यह भी कहा गया है कि एक आरोपी ने देसी कट्टा निकालकर लोगों को धमकाया, जिसके कारण आसपास के ग्रामीण हस्तक्षेप करने से डर गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। गंभीर रूप से घायल मो. अंसारूल शाह को बेहतर इलाज के लिए नेपाल के विराटनगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की मौत के बाद परिजनों ने मामले को हत्या करार देते हुए राघोपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में 14 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है तथा सभी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
शनिवार को शव के साथ राघोपुर थाना पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक की पत्नी रहीमा खातून बार-बार बेहोश हो रही थी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीड़ित पक्ष से प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।





कोई टिप्पणी नहीं