सुपौल। किशनपुर थाना क्षेत्र के परसाही पंचायत अंतर्गत नौआबाखर गांव निवासी एक व्यक्ति ने थाना प्रभारी पर प्राथमिकी दर्ज नहीं करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक सुपौल को आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदनकर्ता मो० अफरोज ने बताया है कि 23 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे वह टहलने के लिए निकले थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला किया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उन पर देसी कट्टा तान दिया तथा मारपीट भी की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए।
मो० अफरोज ने अपने आवेदन में कहा है कि घटना की सूचना उन्होंने उसी दिन किशनपुर थाना को दी थी। इसके अलावा उन्होंने लिखित आवेदन भी थाना प्रभारी को सौंपा तथा कथित तौर पर घटना से संबंधित वीडियो भी उपलब्ध कराया। बावजूद इसके अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि जिन लोगों के खिलाफ शिकायत की गई है, वे आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनसे उनकी जान को खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में पुलिस का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। पुलिस की प्रतिक्रिया मिलने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं