Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

वीरपुर : सात दिवसीय शौर्य शिविर का शुभारंभ, भूमि पूजन के साथ हुई शुरुआत



सुपौल। वीरपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-01 स्थित केशव नगर में अवस्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में बुधवार को सात दिवसीय “शौर्य शिविर” के आयोजन को लेकर विधिवत भूमि पूजन संपन्न हुआ। भूमि पूजन के साथ ही शिविर का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह शिविर 10 जून तक आयोजित होगा, जिसमें उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों से आई महिला प्रशिक्षु भाग लेंगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी की उत्तर बिहार संयोजिका शिवानी देव विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनकी देखरेख में धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ भूमि पूजन संपन्न कराया गया। इस दौरान शिविर की सफलता, राष्ट्रभावना के प्रसार एवं महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य की पूर्ति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।

कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी मातृ शक्ति उत्तर बिहार की प्रांत संयोजिका अनीता गुप्ता, पूर्णिया जिला मातृ शक्ति संयोजिका भारती देवी, बजरंग दल के जिला संयोजक मुकेश कुमार यादव सहित विभिन्न जिलों से पहुंची दर्जनों महिला कार्यकर्ता एवं प्रशिक्षु बहनें उपस्थित रहीं।

आयोजकों ने बताया कि सात दिनों तक चलने वाले इस शौर्य शिविर में उत्तर बिहार के 21 जिलों से करीब 150 महिला प्रशिक्षु भाग लेंगी। शिविर का मुख्य उद्देश्य युवतियों एवं महिलाओं में आत्मविश्वास, आत्मरक्षा कौशल, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करना है।

शिविर के दौरान प्रतिभागियों को आत्मरक्षा से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए जाएंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में दंड संचालन, तलवारबाजी, चाकू प्रशिक्षण, रायफल एवं बंदूक संचालन, यष्टि प्रशिक्षण, जूडो-कराटे तथा समता योग जैसी विधाओं का अभ्यास कराया जाएगा। इसके अलावा प्रशिक्षकों द्वारा शारीरिक एवं मानसिक सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा।

आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर महिलाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं