सुपौल। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण LPG गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रशासन द्वारा जिले में गैस एवं पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुपौल जिले की 51 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में लगभग 12,741 LPG गैस सिलेंडरों का भंडार उपलब्ध है, जबकि 5,289 अतिरिक्त सिलेंडरों की आपूर्ति आज होने की संभावना है। बीते 29 मई को जिले में लगभग 5,675 उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए, जबकि अभी 21,107 उपभोक्ताओं की बुकिंग लंबित है। जिले में प्रतिदिन औसतन 5,444 घरेलू LPG सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार जिले की 51 गैस एजेंसियों में से 47 एजेंसियों पर LPG सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि शेष 4 एजेंसियों को भी शीघ्र आपूर्ति मिलने की संभावना है। LPG आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी के लिए आज 12 गैस एजेंसियों की जांच की गई है। इसके अलावा 15 होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की जांच को लेकर छापेमारी भी की गई।
जिला प्रशासन ने बताया कि LPG की उपलब्धता में लगातार सुधार हो रहा है। उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए गैस कंपनियों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। उपभोक्ता 24 घंटे उपलब्ध कॉमन इमरजेंसी हेल्पलाइन 1906 के अलावा संबंधित तेल कंपनियों के टोल फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
इधर पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा तेल कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास जारी है।
स्थिति की निगरानी के लिए समाहरणालय परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06473-224005 जारी किया गया है। शनिवार को नियंत्रण कक्ष में एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसका तत्काल निराकरण कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि घरेलू LPG गैस के व्यावसायिक उपयोग एवं कालाबाजारी के मामलों में अब तक जिले में तीन प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम उपभोक्ताओं, संस्थानों और कैटरिंग प्रतिष्ठानों से अपील की है कि LPG एवं पेट्रोलियम पदार्थों के साथ-साथ वैकल्पिक ईंधन और परिवहन साधनों के उपयोग को बढ़ावा दें, ताकि ईंधन की बचत हो सके और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनी रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में LPG और पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं