सुपौल। बसंतपुर ग्रामीण कार्य विभाग कार्यालय परिसर में शुक्रवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर भाजपा नगर मंडल और भाजपा बसंतपुर मंडल की ओर से संयुक्त रूप से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में अनुमंडल क्षेत्र के पत्रकारों को अंग वस्त्र और लेखनी भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा जिला मंत्री आशीष कुमार देव और जिला परिषद सदस्य सह भाजपा जिला उपाध्यक्ष किरण कुसवाहा ने पत्रकारों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि तकनीकी युग में पत्रकारिता के सामने कई प्रकार की नई चुनौतियां उत्पन्न हुई हैं। उन्होंने कहा कि “बदलते समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। समाज तक सही और सटीक जानकारी पहुंचाना एक पत्रकार की सबसे बड़ी कुशलता है।”
उन्होंने यह भी माना कि पत्रकारों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक दबावों के बीच कार्य करना पड़ता है, फिर भी वे जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से उठाते हैं। उन्होंने पत्रकारों से क्षेत्र की समस्याओं और विकास के मुद्दों को मजबूती से उजागर करने का आह्वान किया।
भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष पवन कुमार मेहता और नगर मंडल अध्यक्ष अभय कुमार जैन ने भी अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता संवेदनशील और संघर्षशील क्षेत्र बन गई है, जहां निष्पक्षता और सत्य की डगर पर चलना कठिन जरूर है, लेकिन आवश्यक है।
इस अवसर पर सुशील कुमार मेहता, प्रताप कुमार मेहता, महानन्द झा, समेत अनुमंडल मुख्यालय क्षेत्र के सभी पत्रकार उपस्थित थे। कार्यक्रम का माहौल सौहार्दपूर्ण और प्रेरणादायक रहा।
कोई टिप्पणी नहीं