Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

प्रतापगंज : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 182 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच


सुपौल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापगंज में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं का प्रसव पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुल 182 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें 12 महिलाओं को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) श्रेणी में चिन्हित किया गया।

शिविर का आयोजन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह एवं हेल्थ मैनेजर सुजीत कुमार पंकज की संयुक्त निगरानी में किया गया। इस दौरान विभिन्न मेडिकल टीमों ने अलग-अलग काउंटरों पर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की।

स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक जांच की गई। साथ ही गर्भ में पल रहे शिशु के स्वास्थ्य की भी जांच कर गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। चिकित्सकों ने आवश्यक दवाइयों का वितरण करते हुए संतुलित आहार, नियमित जांच और संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में भी परामर्श दिया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा जच्चा-बच्चा मृत्यु दर में कमी लाना है। समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श से संभावित जटिलताओं की पहचान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि शिविर में चिन्हित 12 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी की जाएगी ताकि प्रसव के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।

इस अवसर पर डॉ. प्रसन्न कुमार सिंह, डॉ. ललित कुमार, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षित प्रसव कराने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं