सुपौल। त्रिवेणीगंज प्रखंड के औरलाहा पंचायत वार्ड संख्या 11 में शुक्रवार को जनता दल यूनाइटेड की ओर से महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर संवाद किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना था। संवाद के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया, साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, नाला निर्माण और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए समाज में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर भी सुझाव दिए। कार्यक्रम में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में इसे एक सार्थक पहल के रूप में देखा गया।
इस मौके पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद कमालुद्दीन खान, अमोद कुमार, प्रखंड सचिव फुलेश्वर मेहता, सूर्य नारायण यादव सहित कई पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कमालुद्दीन खान ने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी महिलाओं को विस्तार से दी जा रही है ताकि वे इनका लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकें।
महिलाओं ने भी समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया और ऐसे संवादों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।
कोई टिप्पणी नहीं