सुपौल। किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरायगढ़-दरभंगा रेलखंड पर कोशी महासेतु और न्यू झाझा रेलवे स्टेशन के बीच अरङाहा गांव के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 63379 सहरसा-लहरिया सराय स्पेशल मेमू ट्रेन दरभंगा की ओर से सरायगढ़ की तरफ जा रही थी। इसी दौरान अरङाहा गांव के पास उक्त अधेड़ व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रेन को करीब आधे घंटे तक मौके पर ही रोक दिया और नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उनके साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद लोग शांत हुए और ट्रेन को आगे जाने दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को पिछले कई दिनों से कोशी महासेतु टोल प्लाजा और आसपास के क्षेत्रों में भटकते हुए देखा जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था। थानाध्यक्ष ज्ञानरंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

कोई टिप्पणी नहीं