सुपौल। बाल विकास परियोजना, सुपौल के अंतर्गत बसबिट्टी पंचायत में पोषण पखवाड़ा के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस, सुपौल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनवाड़ी सेविकाएं, सहायिकाएं, स्थानीय महिलाएं एवं बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पोषण के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई और गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा बच्चों के लिए संतुलित आहार की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने आठवें पोषण पखवाड़ा की थीम “जीवन के पहले 6 वर्षों में मस्तिष्क के विकास को अधिकतम करना” को रेखांकित करते हुए कहा कि कुपोषण से मुक्ति के लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पोषण योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता सत्र, पोषण प्रदर्शनी और स्वास्थ्य जांच शिविर जैसी कई गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को व्यवहारिक जानकारी मिल सकी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय को पोषण के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में सकारात्मक पहल करना रहा। अंत में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, सुपौल ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

कोई टिप्पणी नहीं