सुपौल। पिपरा प्रखंड मुख्यालय स्थित टीसीपी भवन में बुधवार को प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अरविंद कुमार की अध्यक्षता में जनवितरण प्रणाली (PDS) विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी डीलर मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए बीएसओ अरविंद कुमार ने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिया कि अप्रैल माह का शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण 29 अप्रैल तक हर हाल में पूरा करें। साथ ही सभी लाभुकों का ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण करने और अपने-अपने पोषण क्षेत्र के लोगों को स्व-जनगणना के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
बैठक के दौरान कई विक्रेताओं ने गोदाम से कम वजन में खाद्यान्न दिए जाने की शिकायत उठाई। डीलरों का आरोप था कि उन्हें निर्धारित मात्रा से कम अनाज मिल रहा है। इस पर बीएसओ ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया और स्पष्ट निर्देश दिया कि विक्रेता सही वजन सुनिश्चित कर ही खाद्यान्न प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि आवश्यक हो तो डीलर अपने दुकान पर ही अनाज का वजन कराकर रिसीव करें।
बीएसओ ने सभी विक्रेताओं को खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में डीलर प्रदीप यादव, बम-बम झा, सीताराम पासवान, मनबोध पासवान, अमर कुमार, उमेश कुमार, मिथिलेश कुमार, श्री कुमार पासवान, रिंकू कुमार सहित सभी जनवितरण विक्रेता उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं