सुपौल। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के आह्वान पर बुधवार से सुपौल समेत पूरे राज्य के राजस्व कर्मचारी अनिश्चितकालीन अवकाश पर चले गए हैं। इस सामूहिक हड़ताल के कारण जिले के अंचल कार्यालयों में कामकाज ठप हो गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव विकास कुमार पाठक ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में गृह जिला में पदस्थापन, 2800 ग्रेड पे की स्वीकृति और 17 सूत्रीय लंबित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई शामिल है। उन्होंने बताया कि मार्च माह में भी 11 दिनों तक धरना प्रदर्शन किया गया था, जिसके बाद विभाग ने लिखित आश्वासन दिया था कि मांगों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
हड़ताल के चलते जिले में राजस्व संबंधी सभी प्रशासनिक कार्य बाधित हो गए हैं। अंचल अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि पहले से ही पंचायत सचिव हड़ताल पर हैं और अब राजस्व कर्मचारियों के भी कार्य से हट जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों को स्थिति से अवगत करा दिया गया है और जल्द समाधान की उम्मीद की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं