सुपौल। त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के लालपट्टी वार्ड संख्या 17 में रविवार की संध्या एक दर्दनाक घटना में 22 वर्षीय महिला अंजलि कुमारी को सांप ने काट लिया। घटना करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अंजलि कुमारी, जो कि स्थानीय निवासी रविंदर कुमार की पत्नी हैं, घर में वाशिंग मशीन से कपड़े धो रही थीं, तभी एक विषैला सांप आकर उनके दाएं पैर में काट लिया। अचानक हुई इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तत्काल उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. श्रवण कुमार यादव ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टर के अनुसार, महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है, और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
परिजनों ने बताया कि घटना के वक्त महिला अकेले कपड़े धो रही थी, और सांप कब व कैसे वहां आया, किसी को अंदाजा नहीं लग सका। फिलहाल महिला के इलाज के लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से प्रयास जारी है।
स्थानीय लोगों में घटना के बाद दहशत का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सांप और अन्य विषैले जीवों के बढ़ते खतरे पर नियंत्रण के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
कोई टिप्पणी नहीं