सुपौल। निर्मली अनुमंडल अंतर्गत कुनौली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो गांजा के साथ एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह छापेमारी बथनाहा वार्ड संख्या 17 में नीतीश कुमार मेहता के घर की गई।
थानाध्यक्ष राजू कुमार ने जानकारी दी कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नीतीश कुमार मेहता के घर से अवैध रूप से गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने देर रात छापेमारी की। इस दौरान घर से एक झोले में 5 किलो गांजा बरामद किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान हरिपुर वार्ड संख्या 16 निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजा जब्त कर रोहित कुमार को उत्पाद अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष ने आगे बताया कि इस मामले में दो अन्य लोगों को भी नामजद आरोपी बनाया गया है, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
यह कार्रवाई कुनौली थाना पुलिस द्वारा नशा और अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई एक अहम सफलता मानी जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं