सुपौल। राजस्व महाअभियान के क्रम में बुधवार को अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन एवं प्रभारी पदाधिकारी, राजस्व शाखा मुकेश कुमार ने त्रिवेणीगंज अंचल कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने लंबित दाखिल–खारिज वादों की स्थिति, परिमार्जन प्लस पोर्टल पर प्रविष्टियों का अद्यतन, RTPS सेवाओं के तहत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन तथा डाटा सेंटर में अभिलेखों के डिजिटलीकरण और रख-रखाव की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी सेवाएं तय समय सीमा के भीतर पारदर्शी ढंग से आम जनता तक पहुँचे।
इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने त्रिवेणीगंज अंचल के विभिन्न मौजों में चल रहे जमाबंदी प्रति वितरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण भी किया। लाभार्थियों से बातचीत कर यह जानकारी ली गई कि उन्हें समय पर और सही प्रति मिल रही है या नहीं। इस दौरान स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को वंचित न रखा जाए और वितरण कार्य सतत, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से किया जाए।
अपर समाहर्ता सच्चिदानंद सुमन ने कहा कि राजस्व महाअभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, डिजिटल सेवाओं को गति देना और व्यवस्था में पारदर्शिता लाना है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं