सुपौल। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सशस्त्र सीमा बल की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 45वीं वाहिनी SSB वीरपुर के अंतर्गत सीमा चौकी सतना की टीम ने रविवार 03 मई 2026 को बड़ी सफलता हासिल करते हुए नेपाली शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक बाइक भी जब्त की गई है।
45वीं वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के समीप नेपाली शराब की तस्करी की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलते ही एक गश्ती दल का गठन कर तत्काल मौके पर भेजा गया।
करीब दोपहर 2 बजे गश्ती टीम ने एक संदिग्ध युवक को बाइक से नेपाल से भारत की ओर आते देखा। SSB जवानों को देखते ही वह बाइक छोड़कर भागने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनिकेत कुमार (निवासी वीरपुर वार्ड नंबर-02, पोस्ट बसंतपुर, थाना वीरपुर, जिला सुपौल) बताया। तलाशी के दौरान उसकी बाइक (BR 50 AG 8786) से भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की गई। जब्त शराब में 375 एमएल की 16 बोतल मैकडॉवेल, 22 बोतल गोल्डन ओक तथा 500 एमएल की 20 बोतल किंगफिशर बीयर शामिल हैं। कुल मिलाकर 24.250 लीटर शराब बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पैसों के लिए नेपाल से भारत में अवैध शराब तस्करी करता है। इसके बाद SSB ने बरामद शराब, बाइक और आरोपी को विधिवत जब्त कर सभी आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए आगे की कार्रवाई के लिए मधनिषेध थाना सिमराही, सुपौल को सौंप दिया।

कोई टिप्पणी नहीं