सुपौल। जिला मुख्यालय स्थित शहनाई रिसॉर्ट में मंगलवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जन सुराज पार्टी की नई जिला टीम की घोषणा की गई। कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने जिला स्तर के पदाधिकारियों एवं सलाहकार समिति के नामों की आधिकारिक घोषणा की।
घोषणा के अनुसार अनिल कुमार सिंह को सुपौल का नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं बृजेश कुमार यादव को महामंत्री, मदन मोहन झा को कोषाध्यक्ष, अनुराधा कुमारी पासवान को महिला अध्यक्ष तथा नारायण यादव और रीति झा को अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिला सलाहकार समिति में हरिनारायण पासवान, मो. दाउद, ई. धीरेन्द्र प्रसाद कुंवर, महेश प्रसाद सिंह और अशोक यादव को शामिल किया गया है। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को पुष्पमाला पहनाकर पदभार ग्रहण कराया गया।
इस मौके पर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि जन सुराज पार्टी को जिले में गांव-गांव और पंचायत स्तर तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाएगी और एक मजबूत विपक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि सभी नियुक्तियां क्षेत्रीय कोर कमिटी की अनुशंसा के आधार पर की गई हैं। उन्होंने जिला पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे 15 दिनों के भीतर अपनी जिला कमेटी का विस्तार कर सूची क्षेत्रीय कमिटी को सौंपें।
कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इस दौरान नवमनोनीत क्षेत्रीय पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। मौके पर नरेश नयन समेत अन्य पदाधिकारियों को फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में ओबीसी प्रदेश उपाध्यक्ष तपेश्वर भारती, पूर्व महिला जिला अध्यक्ष नीलम सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष इंद्रदेव साह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं