- नगर परिषद वार्ड संख्या-2 विद्यापुरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सुपौल। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के निर्देश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव मो. अफजल आलम के मार्गदर्शन में रविवार 03 मई 2026 को नगर परिषद वार्ड संख्या-2, विद्यापुरी स्थित हनुमान मंदिर के समीप एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पैनल अधिवक्ताओं एवं पीएलवी (विधिक स्वयं सेवकों) ने SITARA योजना 2023 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि यह योजना बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (BSLSA) की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों का सामाजिक-आर्थिक एकीकरण, पुनर्वास तथा उन्हें न्याय तक सहज पहुंच उपलब्ध कराना है।
अधिवक्ताओं ने जानकारी दी कि यह योजना ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करती है। इसके तहत ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक जीवन, कानूनी सुरक्षा और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जाता है।
कार्यक्रम में योजना की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने, पहचान पत्र बनवाने में सहायता, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति, व्यावसायिक प्रशिक्षण, आवास एवं पुनर्वास सहायता, रोजगार के अवसर, कौशल विकास तथा कानूनी सहायता (जैसे एफआईआर दर्ज कराने में सहयोग) उपलब्ध कराया जाता है।
इस अवसर पर पैनल अधिवक्ता श्रीमती शक्ति कुमारी सारिका एवं सोनी कुमारी, समाजसेवी नीता कुमारी (सचिव, इन्द्र बाला सेवा संस्थान) के साथ विधिक स्वयंसेवक मो. निजाम और मो. मोअजजम उपस्थित रहे। साथ ही ट्रांसजेंडर समुदाय से शरवण कुमार एवं स्थानीय ग्रामीणों में सरिता सिंह, सुनीता श्रीवास्तव, गजेंद्र सिंह सहित कई महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए सशक्त बनाना रहा।

कोई टिप्पणी नहीं