सुपौल। वोटर अधिकार यात्रा के दौरान तिरंगे के कथित अपमान को लेकर जिले में विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय स्थित लोहिया नगर चौक पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष जयंत मिश्रा ने किया।
पुतला दहन के दौरान जयंत मिश्रा ने आरोप लगाया कि वोटर अधिकार यात्रा में कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और तेजस्वी यादव की मौजूदगी में तिरंगे को पैरों तले रौंदा। उन्होंने कहा कि यह कृत्य न केवल शर्मनाक है बल्कि उनकी मानसिकता को भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जिस तिरंगे की आन-बान-शान की रक्षा के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए, उसी का अपमान महागठबंधन के नेताओं के नेतृत्व में किया गया। यह राष्ट्रद्रोह से कम नहीं है और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने सुपौल थाना अध्यक्ष को आवेदन देकर तिरंगे का अपमान करने वालों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। साथ ही जिला पदाधिकारी से अपील की है कि ऐसे लोगों और उनके नेतृत्वकर्ताओं को गिरफ्तार कर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलाया जाए।

कोई टिप्पणी नहीं