सुपौल। बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव अपनी बिहार अधिकार यात्रा के क्रम में आगामी 19 सितम्बर को छातापुर पहुंचेंगे। पेट्रोल पंप से दक्षिण डहरिया स्थित मैदान में आयोजित महती सभा को वह संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रविवार को कोशी क्षेत्र के एमएलसी सह कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह छातापुर पहुंचे। उन्होंने सभा स्थल का निरीक्षण किया और आयोजक डॉ. श्री सिंह से चल रही तैयारियों की जानकारी ली। साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान राजद जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सरदार, ई. विद्याभूषण, पूर्व प्रत्याशी डॉ. विपीन कुमार सिंह, शकील अहमद, जहूर आलम, छातापुर प्रखंड अध्यक्ष मो. हसन अंसारी, बसंतपुर प्रखंड अध्यक्ष मो. समशेर आलम, वरिष्ठ नेता उदित नारायण यादव, प्रमोद कुमार यादव, सरोज कुमार यादव समेत कई नेता मौजूद रहे।
तैयारियों से पूर्व एमएलसी डॉ. सिंह ने संतमत योगाश्रम के समीप कर्पुरी सभागार में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और इसे ऐतिहासिक बनाने पर जोर दिया गया।
एमएलसी ने कहा कि पूरे बिहार में बदलाव की बयार बह रही है और नेता प्रतिपक्ष की यह अधिकार यात्रा उसी कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने भूमि सर्वे एवं राजस्व महाअभियान में भ्रष्टाचार और किसानों-भूस्वामियों के शोषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं। यह यात्रा जनता की मांग पर है और तेजस्वी जी लोगों को जगाने आ रहे हैं।
पूर्व प्रत्याशी डॉ. विपीन कुमार सिंह ने बताया कि 19 सितम्बर को सुबह 9 बजे सभा स्थल पर प्रतिपक्ष के नेता का आगमन होगा। तैयारियां अंतिम चरण में हैं और हजारों लोग उन्हें सुनने को उत्सुक हैं।
कोई टिप्पणी नहीं