सुपौल। छातापुर मुख्यालय स्थित बस पड़ाव से पूरब भट्टावारी रोड में रविवार की सुबह अचानक लगी आग से एक मोबाइल दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर रखा कोई भी सामान बाहर नहीं निकाला जा सका। इस अगलगी की घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह करीब नौ बजे आसपास के दुकानदारों ने मोबाइल दुकान के पीछे से धुएं का गुबार उठते देखा। आग लगने की आशंका होते ही दुकानदारों ने तत्काल मोबाइल दुकान के मालिक बलराम सिंह उर्फ राजा को सूचना दी। इसके साथ ही डायल 112 पुलिस एवं दमकल वाहन को बुलाने के लिए थाना को भी जानकारी दी गई।
जब तक दुकानदार बलराम सिंह मौके पर पहुंचे, आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा मोबाइल, एक्सेसरीज एवं अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
आग पर नियंत्रण के बाद भीमपुर थाना से छोटा दमकल वाहन एवं डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, सूचना के बावजूद देर से पहुंचने के कारण आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दमकल एवं पुलिस कर्मियों को वाहन से उतरने तक नहीं दिया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस एवं दमकल कर्मी बिना कोई कार्रवाई किए वापस लौट गए।
पीड़ित दुकानदार बलराम सिंह उर्फ राजा ने बताया कि अचानक लगी आग में उन्हें लाखों रुपये की क्षति हुई है। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। उन्होंने घटना को लेकर थाना एवं अंचल कार्यालय में आवेदन देने की बात कही है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि अगलगी से हुए व्यावसायिक नुकसान पर आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजे का प्रावधान नहीं है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि छातापुर थाना में दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है, जिसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी जा चुकी है तथा दमकल उपलब्ध कराने के लिए वरीय अधिकारियों से अनुरोध किया जाएगा।
वहीं छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि उनके पदस्थापन से पूर्व से ही थाना में दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि दमकल की व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन को पुनः पत्र भेजा जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं