सुपौल। छातापुर प्रखंड के पांच पैक्स में आगामी छह फरवरी को होने वाले चुनाव को लेकर नामांकन एवं संवीक्षा के बाद गुरुवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। यह प्रक्रिया आरडीओ प्रवीण कुमार रजक के समक्ष अपराह्न तीन बजे तक चली। नाम वापसी के बाद कई पैक्स में चुनावी तस्वीर साफ हो गई है और कई स्थानों पर सीधा मुकाबला तय हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बलुआ पैक्स से अध्यक्ष पद की अभ्यर्थी रानी मिश्र एवं प्रभात मिश्र ने दो-दो सेट में नामांकन दाखिल किया था, जिसमें से प्रभात मिश्र ने एक सेट नामांकन वापस ले लिया। वहीं राजेश्वरी पूर्वी पैक्स से अध्यक्ष पद के अभ्यर्थी आनंद कुमार तथा सोहटा पैक्स से अध्यक्ष पद के अभ्यर्थी अर्जुन कुमार ने अपना-अपना नामांकन वापस लिया है।
नाम वापसी के बाद राजेश्वरी पूर्वी पैक्स अध्यक्ष पद के लिए अब कुल पांच प्रत्याशी चुनावी मैदान में शेष रह गए हैं। इनमें निवर्तमान अध्यक्ष कृत्यानंद यादव, प्रभु कुमार प्रेम, अनुभा देवी, योगनारायण यादव एवं दिलीप यादव शामिल हैं। बलुआ पैक्स में निवर्तमान अध्यक्ष प्रभात मिश्र एवं पूर्व अध्यक्ष रिंकु मिश्र के बीच सीधा मुकाबला होगा।
वहीं सोहटा पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष संजय कुमार यादव एवं राजेश कुमार, महम्मदगंज पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष रामचंद्र मेहता एवं जयप्रकाश शर्मा तथा भीमपुर पैक्स से निवर्तमान अध्यक्ष अनमोल कुमार सिंह एवं हरेराम मंडल आमने-सामने चुनावी मैदान में हैं।
प्रबंध समिति सदस्य पद से भी कुल तीन नाम वापस लिए गए हैं। इसमें राजेश्वरी पूर्वी पैक्स से पिछड़ा वर्ग की पुष्पलता देवी एवं सामान्य वर्ग के आनंद कुमार शामिल हैं, जबकि महम्मदगंज पैक्स से सामान्य सदस्य पद के अभ्यर्थी आनंद कुमार ने नामांकन वापस लिया है।
बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि नामांकन की संवीक्षा एवं नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रत्याशियों को प्रतीक चिह्न आवंटित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि छह फरवरी को सुबह सात बजे से शाम साढ़े चार बजे तक मतदान होगा। मतदान संपन्न होने के उपरांत उसी दिन मतों की गिनती कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं