सुपौल। लोक भागीदारी संभाग अंतर्गत विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों का तीन दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को प्रतापगंज में शांतिपूर्ण एवं स्वच्छ वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 20 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर 2 फरवरी 2026 (सोमवार) को समाप्त हुआ।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण के लिए विभिन्न विद्यालयों में कुल 11 केंद्र बनाए गए थे। प्रत्येक विद्यालय से प्रधानाध्यापक, एक वरीय शिक्षक एवं विद्यालय शिक्षा समिति के चार सदस्य प्रशिक्षण में शामिल हुए। एक केंद्र पर लगभग सात विद्यालयों के विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य सम्मिलित हुए।
प्रत्येक प्रशिक्षण केंद्र पर एक उत्प्रेरक एवं एक प्रशिक्षित शिक्षक की उपस्थिति रही। उत्प्रेरकों एवं शिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान यह संदेश दिया गया कि विद्यालय आपका है, बच्चे आपके हैं और शिक्षक भी आपके हैं, ऐसे में विद्यालय के समग्र विकास में समाज की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि विद्यालय में उनकी भूमिका और दायित्व क्या हैं, साथ ही उनके सपनों में आदर्श विद्यालय कैसा होना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान सरकारी योजनाओं, विद्यालय विकास, लेखा-जोखा एवं वित्तीय प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्प्रेरक के रूप में सरोज कुमार महतो, रामदेव दास, दीपक कुमार एवं रागिनी कुमारी, जबकि प्रशिक्षित शिक्षकों के रूप में नीतीश कुमार, विनोद कुमार, कुमारी अरुण एवं प्रकाश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे विद्यालय के बेहतर संचालन एवं गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कोई टिप्पणी नहीं