सुपौल। 45वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) वीरपुर मुख्यालय में सोमवार 02 फरवरी 2026 को सीनियर सिपाही कैडर के जवानों के लिए गरिमामय एवं भव्य पदोन्नति रैंक पिपिंग समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह वाहिनी के कमांडेंट गौरव सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान कमांडेंट गौरव सिंह ने पदोन्नत सीनियर सिपाहियों को उनके नवीन रैंक की फिती लगाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी पदोन्नत जवानों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि बढ़ी हुई जिम्मेदारियों और दायित्वों का भी प्रतीक होती है।
कमांडेंट ने अपने संबोधन में कहा कि जैसे-जैसे पद और जिम्मेदारियां बढ़ती हैं, वैसे-वैसे संगठन के प्रति समर्पण, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की अपेक्षाएं भी बढ़ जाती हैं। उन्होंने जवानों से अपेक्षा की कि वे नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए बल की गरिमा और गौरव को सदैव बनाए रखें।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, उप कमांडेंट सौरभ सुमन, उप कमांडेंट प्रवीण कुमार कौशिक, उप कमांडेंट हरजीत राव सहित अन्य अधीनस्थ अधिकारी एवं बलकर्मी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों और बलकर्मियों ने पदोन्नत जवानों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह का वातावरण उत्साह, गौरव एवं अनुशासन से ओत-प्रोत रहा। इस आयोजन से जवानों के मनोबल को नई ऊर्जा मिली तथा संगठन के प्रति उनके समर्पण और कर्तव्यबोध को और अधिक मजबूती प्राप्त हुई।

कोई टिप्पणी नहीं