सुपौल। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में सोमवार को राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) नई दिल्ली द्वारा दिनांक 26 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले भूकम्प परिदृश्य अभ्यास की पूर्व तैयारी के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मो० तारिक, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, सुपौल ने की।
बैठक में भूकम्प जैसी आपदा की स्थिति में त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, सुपौल, प्रभारी पदाधिकारी आपदा प्रबंधन, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सुपौल, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान NDRF के सहायक समादेष्टा एवं SSB की ओर से आए प्रशिक्षक द्वारा भूकम्प से बचाव, राहत एवं रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली तथा कार्य योजना पर प्रकाश डाला।
बैठक को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता मो० तारिक ने निर्देश दिया कि सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी अपने-अपने कोषांग से संबंधित संयुक्त आदेश निर्गत कर उसकी एक प्रति ससमय अद्योहस्ताक्षरी कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि भूकम्प परिदृश्य अभ्यास का सफल संचालन किया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं