सुपौल। वीरपुर अनुमंडल अस्पताल के उद्घाटन के बाद बसंतपुर पीएचसी में बंद की गई आपातकालीन सेवा को अब नई व्यवस्था के तहत बेहतर रूप दिया जा रहा है। बसंतपुर को 30 बेड के सामुदायिक अस्पताल में विकसित किया गया है, जिसका उद्घाटन अप्रैल माह में भीमनगर में किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहेब झा ने निरीक्षण के बाद बताया कि अस्पताल निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, हालांकि कुछ कार्य अभी शेष हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही निर्माण एजेंसी द्वारा अस्पताल को विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा, उसके तीन दिनों के भीतर ही उद्घाटन कर दिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, करीब 4 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से बनाए गए इस 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भूमिपूजन लगभग एक वर्ष पूर्व 7 अप्रैल को बिहार सरकार के तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे और पीएचईडी मंत्री नीरज कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। उस समय इसे नौ महीने के भीतर पूर्ण कर विभाग को सौंपने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा से अधिक लंबा खिंच गया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अर्जुन चौधरी, डॉ. मृणाल कांत, बीसीएम विवेक रंजन तथा अनुमंडल अस्पताल के प्रबंधक अविनाश कुमार समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं