सुपौल। राघोपुर प्रखंड के रामविशनपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 10 हुसैनाबाद के एक साधारण परिवार से आने वाले होनहार छात्र राजदीप कुमार ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजदीप ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में 485 अंक (97 प्रतिशत) प्राप्त कर पूरे बिहार में 6ठा स्थान हासिल किया है।
राजदीप, बिरेंद्र मंडल और माता रेणु देवी के पुत्र हैं। उनके पिता साइकिल रिपेयरिंग और पंचर बनाने की छोटी-सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने शिक्षा को प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम आज पूरे इलाके के सामने एक मिसाल बनकर उभरा है।
चार भाइयों में तीसरे स्थान पर रहने वाले राजदीप ने सीमित संसाधनों के बावजूद कभी हिम्मत नहीं हारी। बड़े दो भाइयों और एक छोटे भाई के बीच उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई और कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया।
राजदीप ने खूबलाल उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, रामविशनपुर से पढ़ाई करते हुए यह सफलता पाई है। उन्होंने कुल 485 अंक प्राप्त किए, जिसमें गणित में 100 में 100 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा विज्ञान में 98, हिंदी और संस्कृत में 96-96 तथा सामाजिक विज्ञान में 95 अंक प्राप्त किए।
राजदीप की इस सफलता के पीछे उनका अनुशासन, कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे राघोपुर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने उनकी इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

कोई टिप्पणी नहीं