सुपौल। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मंडल कारा सुपौल में बंद एक विचाराधीन कैदी की मौत के बाद रविवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुख्यालय स्थित महावीर चौक को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर आगजनी की और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक चले जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मृतक की पहचान पिपरा थाना क्षेत्र के पथरा वार्ड संख्या 02 निवासी महेंद्र सादा के 25 वर्षीय पुत्र सुबोध सादा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह एक हत्या मामले में पिछले करीब 18 महीनों से सुपौल मंडल कारा में विचाराधीन कैदी के रूप में बंद था। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे सदर अस्पताल सुपौल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में महावीर चौक पहुंचकर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यह मौत सामान्य नहीं है, बल्कि इसमें लापरवाही या साजिश की आशंका है।
परिजनों का कहना है कि सुबोध सादा की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि जेल में पिटाई के कारण हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल प्रशासन की मारपीट और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण ही उसकी जान गई। परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषी कर्मियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी जिला पदाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू मौके पर पहुंचे और लोगों से वार्ता की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
इस मामले में जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। सदर एसडीएम और एसडीपीओ को जांच का निर्देश दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं