सुपौल। पिपरा मुख्यालय सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र में रामनवमी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिरों में पूजा-अर्चना और रामधुनी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगर पंचायत क्षेत्र में युवा क्लब, पिपरा के तत्वावधान में भव्य रामनवमी शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्री राम लला के साथ शिव-पार्वती, हनुमान जी, बंदर-भालू और भूत-प्रेत गणों की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सजी झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया।
शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए, जो “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ आगे बढ़ते रहे। भक्ति गीतों की गूंज से पूरा क्षेत्र आस्था के रंग में सराबोर नजर आया। विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों की भी इसमें सक्रिय भागीदारी रही।
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकली इस शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शरबत और पेयजल की व्यवस्था की गई थी। मुख्य बाजार के चौक-चौराहों से होते हुए बड़ी संख्या में रामभक्त पैदल यात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा की अगवानी में दर्जनों घुड़सवार भी शामिल रहे, जो आकर्षण का केंद्र बने रहे। सुरक्षा व्यवस्था की कमान थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने भारी पुलिस बल के साथ संभाली। पूरे आयोजन के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल बना रहा और भक्तिभाव के साथ भगवान श्रीराम की शोभायात्रा संपन्न हुई।

कोई टिप्पणी नहीं