सुपौल। सीमा क्षेत्र कुनौली सहित आसपास के इलाकों में रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा का नेतृत्व कर रहे केदार शर्मा ने बताया कि यात्रा की शुरुआत कुनौली से हुई, जो कमलपुर और डगमारा तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ परिक्रमा की।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को मनाना और समाज में सत्य व अच्छाई की बुराई पर विजय का संदेश फैलाना है। यह जुलूस मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्शों—करुणा, नैतिकता और समर्पण—को याद करते हुए सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का प्रतीक है।
शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से सनातन परंपराओं को जीवित रखने का संदेश दिया। साथ ही लोगों को नैतिक सिद्धांतों का पालन करने और आपसी भाईचारे व सामंजस्य बनाए रखने की प्रेरणा दी गई।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। चारों ओर खुशी और भक्ति का वातावरण व्याप्त था। इस मौके पर कई समाजसेवी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं